छोटे बादल के ‘छूटे’ पसीने, एसआईटी ने चार घंटे की सुखबीर से पूछताछ
चंडीगढ़, 26 जून 2021 : कोटकपूरा गोलीकांड की जांच कर रही नई एसआईटी ने प्रकाश सिंह बादल के बाद आज अकाली दल के प्रधान सुखबीर सिंह बादल से पूछताछ की। यह पूछताछ करीब 4 घंटे चली, जिसमें सुखबीर बादल के पसीने छूट गए। सुखबीर बादल चंडीगढ़ के सेक्टर 32 स्थित पंजाब पुलिस के मिनी हेड क्वार्टर में पेश हुए थे। एसआईटी ने तत्कालीन मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल से पूछताछ के अगले ही दिन बुधवार को तत्कालीन गृहमंत्री सुखबीर सिंह बादल को समन भेजा था।
पंजाब हरियाणा हाई कोर्ट के निर्देश पर राज्य सरकार द्वारा गठित की गई नहीं एसआईटी यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि 2015 में हुई उक्त वारदात किस समय शांतिपूर्ण धरना दे रहे निहत्थे सिखों पर पुलिस फायरिंग के आदेश किसने जारी किए थे? एसआईटी इस मामले में तत्कालीन पुलिस अधिकारियों जो फायरिंग के समय घटना स्थल पर तैनात थे, के अलावा तत्कालीन डीजीपी सुमेध सैनी से भी पूछा कर चुकी है।
इस मामले में मंगलवार को पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और शिरोमणि अकाली दल के संरक्षक प्रकाश सिंह बादल से एसआईटी ने ढाई घंटे तक पूछताछ की। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री ने एसआईटी के 80 से अधिक सवालों के जवाब दिए। एसआईटी ने पूर्व मुख्यमंत्री को 16 जून को तलब किया था लेकिन उन्होंने खराब स्वास्थ्य के कारण एसआईटी के सामने पेश होने से असमर्थथा जाहिर की थी।
इसके बाद उनसे मुलाकात के लिए 22 जून का दिन तय हुआ था। तय तारीख के दिन एसआईटी के सदस्य प्रकाश सिंह बादल से पूछताछ के लिए उनके सेक्टर चार स्थित अधिकारिक विधायक आवास पर पहुंचे। इससे पहले नई एसआईटी पूर्व डीजीपी सुमेर सिंह सैनी डीजीपी इकबालप्रीत सिंह सहोता और स्पेशल डीजीपी होमगार्ड रोहित चौधरी सिंह से पूछताछ कर चुकी है।
