ईडी के अधिकारियों ने मेरे परिवार पर दबाव डाला कि वे मुझे ‘आप’ छोड़कर किसी और पार्टी में शामिल होने के लिए कहें: हरदीप सिंह मुंडियां
– मैं ‘कट्टर ईमानदार’ आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल और सीएम भगवंत सिंह मान का सिपाही हूं, बीजेपी के दबाव के आगे कभी नहीं झुकूंगा: हरदीप सिंह मुंडियां
– मेरे भतीजे के घर ईडी की छापेमारी के दौरान विधवा, बच्चों और गर्भवती औरत को परेशान किया गया: हरदीप सिंह मुंडियां
– बीजेपी ईडी के छापों या धमकियों से पंजाबियों को नहीं डरा सकती, हम पंजाबी हैं, डरने वाले नहीं: हरदीप सिंह मुंडियां
– जनता का भरोसा गंवाने के बाद अब बीजेपी डर के सहारे चुनाव लड़ने की कोशिश कर रही है: हरदीप सिंह मुंडियां
(Krishna Raja) चंडीगढ़, 24 सितंबर 2026: कैबिनेट मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने बुधवार को भाजपा नेता रवनीत सिंह बिट्टू के उन दावों पर पलटवार किया, जिनमें कहा गया था कि वे पंजाब छोड़कर अमेरिका चले गए हैं। मुंडियां ने तंज कसते हुए कहा कि बिट्टू ने अपनी टिकट कटने के बाद शायद कोई “ट्रैवल एजेंसी” खोल ली है और अब वे पंजाब के नेताओं को अमेरिका भेज रहे हैं। अपने भतीजे के घर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की हालिया छापेमारी को लेकर भाजपा को आड़े हाथों लेते हुए मुंडियां ने कहा कि इस कार्रवाई के दौरान एक विधवा, बच्चों और एक गर्भवती औरत को परेशान किया गया। उन्होंने दावा किया कि जनता में उत्साह पैदा करने में नाकाम रहने के बाद भाजपा अब डर का माहौल बनाकर चुनाव लड़ने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि पंजाबियों को ईडी के छापों या धमकियों से नहीं डराया जा सकता। उन्होंने कहा कि, “हम पंजाबी हैं और हम डरने वाले नहीं हैं।”
मीडिया को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री और आप पंजाब के नेता हरदीप सिंह मुंडियां ने रवनीत सिंह बिट्टू की टिप्पणियों का जवाब देते हुए कहा, “मैं यह प्रेस कॉन्फ्रेंस चंडीगढ़ में कर रहा हूं, अमेरिका में नहीं।” उन्होंने कहा कि बिट्टू बुधवार से दावा कर रहे थे कि वे अमेरिका चले गए हैं। उन्होंने कहा, “अपनी टिकट कटने के बाद, ऐसा लगता है कि रवनीत सिंह बिट्टू ने समराला रोड पर एक ट्रैवल एजेंसी शुरू कर दी है और मेरी और मेरे भतीजे की अमेरिका की टिकट बुक कर दी है।”
कैबिनेट मंत्री ने ईडी द्वारा उनके भतीजे के घर पर की गई छापेमारी के तरीके पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि परिवार पहले ही एक त्रासदी का सामना कर चुका है। जिसके बाद उनका भतीजा अपने बच्चों समेत लुधियाना आ गया था और परिवार के पालन-पोषण के लिए व्यवसाय शुरू किया था। हरदीप सिंह मुंडियां ने कहा, “ईडी की तलाशी के दौरान एक विधवा और उसकी छोटी बेटी को परेशान किया गया और धमकाया गया।”
उन्होंने बताया कि यह तलाशी सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक जारी रही और बच्चों से पूछताछ की गई कि वे उनके साथ क्यों रहते हैं। उन्होंने कहा, “अधिकारियों ने परिवार को कहा कि वे मुझे संदेश दें कि मैं ‘आप’ छोड़ दूं और मेरा भतीजा मेरा समर्थन करना बंद कर दे, क्योंकि ‘आप’ एक ‘गलत पार्टी’ है। यह बात सवाल खड़े करती है कि इस कार्रवाई का मकसद सिर्फ जांच करना है या राजनीतिक दबाव बनाना है।”
हरदीप सिंह मुंडियां ने बताया कि छापेमारी के दौरान एक छोटी बच्ची घंटों भूखी रोती रही और एक महीने के नवजात बच्चे को दूध तक नहीं पिलाने दिया गया। उन्होंने सवाल किया, “मेरे भतीजे की गर्भवती पत्नी को बिना बैठने दिए तीन से चार घंटे खड़ा रखा गया। जब अधिकारी जाने लगे तो परिवार ने घर से बरामद हुई चीजों का लिखित रिकॉर्ड मांगा। इस पर अधिकारियों ने एक दस्तावेज दिया जिसमें लिखा था कि पुराने घरेलू सामान के अलावा कुछ भी बरामद नहीं हुआ है। अगर कुछ बरामद ही नहीं हुआ तो परिवार को तीन-चार घंटे क्यों परेशान किया गया?”
भाजपा पर सीधा निशाना साधते हुए मंत्री ने कहा कि भाजपा अपनी रैलियों में जनता का उत्साह पैदा करने में नाकाम रहने के बाद अब डर के सहारे चुनाव लड़ने की कोशिश कर रही है। उन्होंने जोर देकर कहा, “पंजाब ऐसी जगह नहीं है जहां लोगों को ईडी के छापों या धमकियों से डराया जा सके। हम पंजाबी हैं और हम डरते नहीं हैं।”
हरदीप सिंह मुंडियां ने कहा कि ‘आप’ ईमानदारी की प्रतीक है और ‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ‘कट्टर ईमानदार’ नेता हैं। उन्होंने कहा, “अगर हम जनता का एक रुपया भी लें तो वह हमारे लिए जहर जैसा होगा। हम पूरी ईमानदारी से पंजाब की सेवा कर रहे हैं।”
‘आप’ नेताओं से जुड़े पिछले मामलों का हवाला देते हुए हरदीप सिंह मुंडियां ने कहा कि सतेंद्र जैन और मनीष सिसोदिया समेत अन्य नेताओं को केंद्रीय एजेंसियों की लंबी कार्रवाई का सामना करना पड़ा था और बाद में अदालती कार्रवाई में क्या निकला, सब के सामने है। उन्होंने आगे कहा, “भाजपा ने दिल्ली चुनावों से पहले दिल्ली की ‘आप’ लीडरशिप को निशाना बनाया था और अब पंजाब में भी वही हथकंडे अपनाने की कोशिश कर रही है।”
हरदीप सिंह मुंडियां ने कहा कि पंजाब के लोग पहले ही भाजपा को सियासी तौर पर नकार चुके हैं और अब यह पार्टी आने वाले चुनावों के डर से अपनी एजेंसियों का सहारा ले रही है। उन्होंने कहा, “भाजपा जितनी मर्जी एजेंसियों और धमकियों का इस्तेमाल कर ले, लेकिन ‘आप’ डरने वाली नहीं है और न ही अपने सिद्धांतों से पीछे हटेगी।”
