महिलाओं की सुरक्षा पंजाब सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता: करमजीत कौर
– जिला योजना कमेटी की चेयरपर्सन ने वन स्टॉप सेंटरों की भूमिका को महिलाओं के पुनर्वास और आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया
(Rajinder Kumar) होशियारपुर, 4 जनवरी,2026: जिला योजना कमेटी होशियारपुर की चेयरपर्सन करमजीत कौर ने कहा कि पंजाब सरकार महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में संचालित वन स्टॉप सेंटरों के माध्यम से नवंबर माह तक हिंसा की शिकार 5,121 महिलाओं को नि:शुल्क सहायता प्रदान की जा चुकी है, जो सरकार की संवेदनशील और प्रभावी कार्यप्रणाली को दर्शाता है।
करमजीत कौर ने कहा कि महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर के नेतृत्व में राज्य सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि हिंसा से पीड़ित महिलाओं को चिकित्सीय सहायता, कानूनी परामर्श, मनोवैज्ञानिक सहयोग और अस्थायी आश्रय जैसी सभी आवश्यक सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध करवाई जाएं। इससे पीड़ित महिलाओं को त्वरित न्याय और सुरक्षा मिल रही है।
उन्होंने कहा कि वन स्टॉप सेंटर न केवल सहायता का केंद्र हैं, बल्कि ये महिलाओं के पुनर्वास और आत्मनिर्भरता की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। सरकार द्वारा इन केंद्रों को और अधिक सुदृढ़ व प्रभावशाली बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि प्रत्येक पीड़ित महिला को सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर मिल सके।
चेयरपर्सन करमजीत कौर ने कहा कि जिला स्तर पर भी प्रशासन यह सुनिश्चित कर रहा है कि वन स्टॉप सेंटरों की जानकारी अधिक से अधिक महिलाओं तक पहुंचे और जरूरतमंद महिलाएं बिना किसी भय के सहायता प्राप्त कर सकें। उन्होंने समाज से भी अपील की कि महिलाओं के खिलाफ किसी भी प्रकार की हिंसा के विरुद्ध एकजुट होकर आवाज उठाएं, ताकि एक सुरक्षित और सशक्त समाज का निर्माण किया जा सके।
